Balrampur News: दोहरी नागरिकता का खेल उजागर, फर्जी कागजात से ले रहे थे सरकारी लाभ, 27 नामजद
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भारत और नेपाल दोनों देशों की नागरिकता रखने और फर्जी तरीके से भारतीय दस्तावेज बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का गंभीर मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में कैसे हुआ खुलासा
एफआईआर के अनुसार, जिलाधिकारी के पत्र के आधार पर उपनिरीक्षक शंभू सिंह ने जांच की। जांच में सामने आया कि नेपाल के दांग जिले के कोयलाबास क्षेत्र के रहने वाले कई लोगों ने बलरामपुर जिले के जरवा कोतवाली क्षेत्र के बालापुर-अनवरडीह और तुलसीपुर के शीतलापुर रिजवान गली में फर्जी पते दिखाकर आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अन्य भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। इन दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का भी आरोप है।
27 लोग नामजद, जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सूची में शामिल अब्दुल रहमान पुत्र कल्लू दिए गए पते पर नहीं मिला, जबकि अब्दुल अजीज सिद्दीकी की मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद शेष आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद लोगों में अब्दुल कादिर सिद्दीकी, सलीम सिद्दीकी, मोहम्मद अनिस सिद्दीकी, खतीजा खातून, फातिमा सिद्दीकी, यासिर अराफात, ओसामा समेत कुल 27 लोग शामिल हैं।
पुलिस और प्रशासन का बयान
जरवा थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक महेंद्रनाथ सिंह यादव को सौंपी गई है। वहीं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि डीएम के निर्देश पर सीमा से सटे इलाकों में जांच कराई गई, जिसमें 27 लोगों को दोहरी नागरिकता वाला पाया गया।
उधर, सिद्धार्थनगर की भारत-नेपाल सीमा पर सिविल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम गश्त बढ़ा रही है। ककरहवा मुख्य चेक पोस्ट समेत सभी रास्तों पर आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

