ममता बनर्जी को लगा एक और झटका, TMC प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दिया इस्तीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सुप्रीमो ममता बनर्जी के सियासी संकट कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पार्टी के भीतर विधायकों और सांसदों की बगावत ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। बंगाल टीएमसी की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कोलकाता स्थित टीएमसी के मुख्य मुख्यालय (हेड ऑफिस) पर पार्टी के ही बागी गुट ने अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। अभी पार्टी दफ्तर पर कब्जे को लेकर खींचतान चल ही रही थी कि इस बीच ममता बनर्जी को संगठन के मोर्चे पर एक और बहुत बड़ा झटका लगा है।

पार्टी में मचे इस घमासान के बीच बंगाल टीएमसी की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सीधे पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को अपना त्यागपत्र भेजा। अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह 3 जून को संभाले गए इस दायित्व को छोड़ रही हैं। चंद्रिमा के इस अचानक फैसले से बंगाल की राजनीति में गरमाहट बढ़ गई है और इसे ममता बनर्जी के लिए एक बहुत बड़े व्यक्तिगत और राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।

वित्तीय जिम्मेदारियों और चुनाव आयोग के रोल से भी हटीं

चंद्रिमा भट्टाचार्य ने केवल सांगठनिक पद ही नहीं छोड़ा, बल्कि उन्होंने पार्टी के वित्तीय मामलों से भी खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है। उन्होंने ममता बनर्जी से अनुरोध किया है कि तृणमूल कांग्रेस और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के बैंक खातों में बतौर हस्ताक्षरकर्ता (सिग्नेटरी) उनकी जो भूमिका थी, उन्हें उस जिम्मेदारी से भी तुरंत मुक्त किया जाए। इसके साथ ही, राज्य की पूर्व मंत्री रहीं चंद्रिमा ने निर्वाचन आयोग के समक्ष पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाले आधिकारिक रोल से भी पूरी तरह नाता तोड़ लिया है।

टीएमसी में नेतृत्व और वजूद की लड़ाई तेज

चुनावी हार के बाद से ही टीएमसी के भीतर असंतोष की चिंगारी सुलग रही थी, जो अब एक बड़ी बगावत का रूप ले चुकी है। पार्टी कार्यालय पर कब्जे और प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे ने यह साफ कर दिया है कि संगठन के भीतर ममता बनर्जी की पकड़ कमजोर पड़ रही है। बागी गुट अब खुलकर सामने आ चुका है, जिससे आने वाले दिनों में पार्टी के दो फाड़ होने या नेतृत्व परिवर्तन की मांग और तेज होने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं।

Also Read: अमेठी के वरिष्ठ भाजपा नेता तेजभान सिंह का निधन, चार बार रहे हैं विधायक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.