Earthquake: रविवार की सुबह कांप उठी मेरठ की धरती, भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार सुबह एकाएक धरती हिल उठी। सुबह 8:44 बजे शहर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ पल के लिए लोग घबरा गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता 2.7 मापी गई, जो रिक्टर स्केल पर बेहद हल्का माना जाता है।
इस भूकंप का केंद्र मेरठ में 28.87° उत्तरी अक्षांश और 77.96° पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जिसकी गहराई सिर्फ 5 किलोमीटर थी। अच्छी बात यह रही कि इस हल्के भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
मणिपुर में दो बार हिली धरती, डर का माहौल
मेरठ से पहले 28 मई को मणिपुर में भी धरती दो बार हिली थी। पहली बार तड़के 1:54 बजे चुराचांदपुर जिले में 5.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र 24.46° उत्तरी अक्षांश और 93.70° पूर्वी देशांतर पर, 40 किलोमीटर गहराई में था। इसके कुछ ही देर बाद 2:26 बजे मणिपुर के नोनी जिले में एक और झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 2.5 मापी गई। इस बार भूकंप की गहराई 25 किलोमीटर थी।
हालांकि दोनों ही झटकों से किसी नुकसान की खबर सामने नहीं आई, लेकिन एक ही रात में दो बार धरती हिलने से स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
भूकंप क्यों आते हैं?
भूकंप आने की मुख्य वजह धरती के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेट्स की हलचल होती है। जब ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकराती हैं या खिसकती हैं, तो अंदर संचित ऊर्जा एक झटके के रूप में बाहर निकलती है। यह ऊर्जा जब सतह तक पहुंचती है, तो धरती कांपने लगती है, जिसे हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं।
Also Read: ‘वो मेरी बीवी से मिलता था’, बरेली में शक के साए में कत्ल, आरोपी मुठभेड़ में दबोचा गया

