चुनाव आयोग पूरे देश में करा सकता है मतदाता सूची पुनरीक्षण, 10 सितंबर को बुलाई बैठक

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच, भारतीय चुनाव आयोग (ECI) अब पूरे देश में यह अभियान चलाने पर विचार कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए 10 सितंबर को दिल्ली में सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) की एक बैठक बुलाई है।

बिहार में चलाए गए इस अभियान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने सवाल उठाए थे। इन दलों का आरोप था कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

अगले साल पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी जैसे राज्यों में चुनाव होने हैं, ऐसे में अगर यह अभियान पूरे देश में चलाया जाता है, तो यह एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन पहले ही इस अभियान का विरोध कर चुके हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पिछले महीने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार में लगे पक्षपात के आरोपों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर और मतदाताओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि चुनाव आयोग बिना किसी भेदभाव के हर मतदाता के साथ मजबूती से खड़ा है।

Also Read: Varanasi News: राजेश्वरी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोषाहार पर संगोष्ठी आयोजित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.