‘हम आरोपों से डरने वाले नहीं, चुनाव आयोग की पारदार्शिता अटल सत्य’, लखनऊ में बोले CEC ज्ञानेश कुमार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) से पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) का बयान चर्चा में है। सोमवार को लखनऊ पहुंचे CEC ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उस पर लगने वाले आरोपों को लेकर खुलकर बात की।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) और ECI-Net पर क्षेत्रीय सम्मेलन में उन्होंने 20 जिलों से आए शिक्षकों और छात्रों के सवालों का जवाब दिया। इसी दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आरोपों से डरने या घबराने के बजाय उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकार करता है।
‘जिसे जिस दिशा से सूरज उगाना है, उगाए’
ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) ने चुनाव आयोग की पारदर्शिता को लेकर तीखा अंदाज अपनाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह सूरज का पूरब से निकलना अटल सत्य है, उसी तरह चुनाव आयोग का पारदर्शी तरीके से काम करना भी अटल सत्य है।
उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी आरोप लगाए, आयोग उससे डरता नहीं है। उनके मुताबिक, आज का युवा समझदार है और वह हर चीज को समझता है।
CEC ने कहा कि देश में चुनाव संविधान और कानून की मंशा के अनुरूप कराए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण (Voter Registration), मतदान, मतगणना और चुनाव आयोग की भूमिका की जानकारी देने पर जोर दिया।
यूपी में 93.7% मतदान का रिकॉर्ड तोड़ने की अपील
CEC Gyanesh Kumar ने यूपी के मतदाताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के 93.7 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने Electoral Literacy Club को युवाओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाने का अहम माध्यम बताया। इसके जरिए छात्रों और शिक्षकों को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है।
ECI-Net पर एक क्लिक में चुनाव से जुड़ी जानकारी
CEC ने ECI-Net Digital Platform की जानकारी देते हुए कहा कि इसके जरिए मतदाता सूची से लेकर मतदान तक चुनाव से संबंधित सेवाएं और सूचनाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि देश में करीब 15 लाख स्कूल, 25 करोड़ छात्र और एक करोड़ से अधिक शिक्षक हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में संस्थान और छात्र जुड़े हैं। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों के जरिए चुनावी जागरूकता बढ़ाने की योजना अहम है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना और यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे। मंगलवार को CEC प्रदेश के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ संवाद करेंगे।
Also Read: ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, बसपा के पूर्व MLC शाहनवाज राणा के ठिकानों से 2 करोड़ कैश बरामद

