अशरफ अहमद की कुर्क जमीन प्लॉटिंग कर बेच डाली, पुलिस को खबर ही नहीं, 3 बिल्डरों पर FIR

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ (Ashraf) की गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई जमीन पर कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि भूमाफियाओं ने न सिर्फ इस जमीन पर कब्जा किया, बल्कि वहां अवैध प्लाटिंग (Illegal Plotting) कर उसे बेचने का खेल भी शुरू कर दिया।

मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शाहा उर्फ पीपल गांव का है। प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद 22 अगस्त को मौके पर बुलडोजर कार्रवाई की गई और अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद लेखपाल मनीष कुमार की तहरीर पर तीन बिल्डरों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई।

कुर्क जमीन पर कब्जा, फिर शुरू कर दी प्लाटिंग

FIR के मुताबिक, मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद नसरत और मोहम्मद आफताब अहमद पर आरोप है कि उन्होंने शाहा उर्फ पीपल गांव की आराजी संख्या 1115, जिसका रकबा 0.4680 है, पर कब्जा कर लिया था।

बताया गया है कि यह जमीन गैंगस्टर एक्ट (Gangster Act) के तहत पहले ही कुर्क की जा चुकी थी। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी को कस्टोडियन के तौर पर दी गई थी। इसके बावजूद जमीन पर कब्जा होने और वहां प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया।

प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद 22 अगस्त को SDM सदर की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस की निगरानी में थी जमीन, फिर कैसे हुआ कब्जा?

इस पूरे मामले ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जमीन पहले से कुर्क थी और संबंधित थाना प्रभारी को उसका कस्टोडियन बनाया गया था, तो फिर भूमाफिया वहां तक कैसे पहुंचे?

सवाल यह भी है कि कुर्क जमीन पर कब्जे के बाद वहां प्लॉट काटकर बेचने की प्रक्रिया कैसे शुरू हो गई और पुलिस को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? प्रशासन अब इन पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

जिन तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, उन्हें लेकर पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जमीन पर कब्जे और अवैध प्लाटिंग के पीछे और कौन लोग शामिल थे।

अतीक-अशरफ की हत्या के बाद कुर्क हुई थीं संपत्तियां

अतीक अहमद को उमेश पाल हत्याकांड (Umesh Pal Murder Case) में मुख्य आरोपी बनाया गया था। 15 अप्रैल 2023 को Prayagraj में अस्पताल ले जाते समय अतीक और उसके भाई Ashraf Ahmed की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

अतीक का बेटा असद भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। इसके बाद अतीक और उसके गिरोह से जुड़ी कई संपत्तियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की (Property Attachment) की कार्रवाई की गई थी।

अब Ashraf Ahmed की ऐसी ही कुर्क जमीन पर कब्जे और अवैध प्लाटिंग का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक निगरानी और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

Also Read: प्रयागराज जलकल विभाग की करतूत, पड़ोसी महिला से मांग रहे माफिया अतीक के नाम का बकाया बिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.