टिकट कटने से भड़का नेता लालू-राबड़ी आवास के बाहर कुर्ता फाड़कर रोया, टिकट बेचने का लगाया आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के प्रमुख घटक दलों राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर मची खींचतान अब सड़कों पर आ गई है। इसी क्रम में, मोतिहारी की मधुबन विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने पर आरजेडी के एक नेता ने लालू-राबड़ी आवास के बाहर जमकर हंगामा किया।

टिकट के दावेदार मदन शाह पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने की उम्मीद खोने के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित लालू प्रसाद के आवास पर पहुँचे और विरोध में कुर्ता फाड़कर ज़मीन पर लेट गए और फूट-फूटकर रोने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो बना लिया, जिसमें मदन शाह आरोप लगाते दिख रहे हैं कि उनका टिकट पैसा लेकर बेच दिया गया है।

मदन शाह ने साफ़ आरोप लगाया कि उनसे टिकट के लिए दो करोड़ रुपये से ज़्यादा की रक़म माँगी गई थी। पैसे नहीं देने पर पार्टी ने उनका टिकट काटकर डॉ. संतोष कुशवाहा को दे दिया है। मदन शाह का कहना था कि वह 1990 से आरजेडी के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उन्होंने 2020 में भी इसी सीट से पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ़ दो हज़ार वोटों के मामूली अंतर से हार गए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की जगह धनबल को प्राथमिकता दी गई है।

मदन शाह ने RJD के सांसद संजय यादव पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने टिकट की दलाली की है और मोटी रक़म लेकर टिकट बेचा है। बिहार चुनाव की गहमागहमी के बीच इस घटना ने आरजेडी के भीतर मचे आंतरिक कलह को उजागर कर दिया है।

Also Read: ट्रंप के खिलाफ अमेरिका में भारी प्रदर्शन, नो किंग्स बैनर के तले एकजुट हुए लाखों लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.