Etawah News: 1 करोड़ रुपये के गबन मामले में स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार, EOW कानपुर ने की कार्रवाई

Etawah News: उत्तर प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) कानपुर सेक्टर टीम ने छात्रवृत्ति घोटाले के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इटावा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर वर्ष 2008-09 में फर्जी दस्तावेजों के जरिए छात्रवृत्ति की करीब 1 करोड़ रुपये की धनराशि का गबन करने का आरोप है।

पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW), उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

आरोपी की गिरफ्तारी 20 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:10 बजे इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र से EOW कानपुर सेक्टर की टीम ने की।

फर्जी स्कूल दिखाकर निकाली गई थी छात्रवृत्ति की रकम

मामले की जांच थाना सिविल लाइन, इटावा में दर्ज मुकदमा संख्या-673/2009 के तहत की जा रही थी। इसमें आरोपी के खिलाफ IPC की धाराओं 420, 467, 468, 471, 120B, 204 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

EOW की जांच में सामने आया कि आरोपी लाल सिंह पुत्र दुलारे सिंह, निवासी 272 ज्ञानदीप कैंपस, फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा, ने संत बीडीएस पब्लिक स्कूल, तुलसी मनिकपुर मोड़ इटावा के प्रबंधक पद पर रहते हुए फर्जी मांग पत्र तैयार किए।

आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाकर दर्शाई गई और अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक तथा सामान्य वर्ग के छात्रों के नाम पर मिलने वाली छात्रवृत्ति की धनराशि निकालकर उसका दुरुपयोग किया गया।

27 अस्तित्वहीन विद्यालयों के नाम पर हुआ था घोटाला

जांच में पता चला कि वर्ष 2008-09 में इटावा जिले में कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों के लिए संचालित बताए गए 27 विद्यालयों के नाम पर फर्जी छात्र संख्या दिखाकर छात्रवृत्ति राशि आहरित की गई थी।

इन विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर सरकारी धनराशि का गबन किया।

मामले में EOW कानपुर सेक्टर द्वारा आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

लाल सिंह पुत्र दुलारे सिंह

निवासी- 272 ज्ञानदीप कैंपस, फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा
पद- प्रबंधक, संत बीडीएस पब्लिक स्कूल, तुलसी मनिकपुर मोड़, इटावा

EOW अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Also Read: पिरामिड स्कीम के नाम पर 60 हजार युवाओं से 100 करोड़ की ठगी, UP पुलिस ने 6 शातिर पकड़े

Get real time updates directly on you device, subscribe now.