मुंबई में पीएम मोदी के दौरे से पहले फर्जी पीएमओ अधिकारी और हथियारबंद बॉडीगार्ड हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई आगमन से कुछ ही घंटे पहले एक बड़ी सुरक्षा सेंधमारी की खबर सामने आई है। बीकेसी स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से मुंबई पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जहाँ प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। हिरासत में लिया गया एक शख्स खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का वरिष्ठ अधिकारी बता रहा था, जिसकी पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है।

सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से पीएमओ का फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी अपने साथ एक हथियारबंद बॉडीगार्ड लेकर घूम रहा था, जिसके पास से एक बंदूक भी जब्त की गई है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर जांच में जुटी है कि उनका मुख्य मकसद क्या था।

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण का करेंगे उद्घाटन

यह सुरक्षा चूक ऐसे समय सामने आई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का भव्य उद्घाटन करने मुंबई पहुंच रहे हैं। यह फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे प्रभावशाली वार्षिक सम्मेलन है।

प्रधानमंत्री मंगलवार शाम लगभग 5:45 बजे जीएफएफ (GFF) का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे और सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह अंतरराष्ट्रीय फोरम मंगलवार 8 सितंबर से शुक्रवार 11 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2020 से शुरू हुआ यह सम्मेलन दुनिया भर के नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, टेक कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर फाइनेंस सेक्टर के भविष्य की रूपरेखा तय करता है।

कई नई रेल परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के अलावा प्रधानमंत्री मुंबई के मंच से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे नेटवर्क को भी बड़ी सौगातें देंगे। न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से नई मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। टांडा रोड से वडोदरा (प्रताप नगर) के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा का भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।

Also Read: मुजफ्फरनगर एसएसपी का सख्त ऐक्शन, लापरवाही पर 14 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.