मशहूर कॉमेडियन राजू तालिकोटे का दिल का दौरा पड़ने से निधन, KGF स्टार यश संग किया था काम
Sandesh Wahak Digital Desk: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और जाने-माने कॉमेडियन राजू तालिकोटे ने 62 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके आकस्मिक निधन से पूरी कन्नड़ इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि अभिनेता को फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर तीसरा और जानलेवा दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें पहले भी दो बार हार्ट अटैक आ चुका था।
शूटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत
राजू तालिकोटे 13 अक्टूबर को कर्नाटक के उडुपी जिले में सुपरस्टार शाइन शेट्टी के साथ एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। पिछले दो दिनों से वह लगातार शूटिंग में व्यस्त थे। बताया गया कि एक सीन पूरा करने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, और यह दिल का दौरा उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।
जनता दल सेक्युलर पार्टी ने भी राजू तालिकोटे के निधन की पुष्टि करते हुए ‘एक्स’ हैंडल पर शोक व्यक्त किया और लिखा कि रंगमंच और सिनेमा की दुनिया ने एक चमकता सितारा खो दिया है, जो कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।
कॉमेडी रोल्स और यश के साथ काम
करीब दो दशकों से ज़्यादा समय तक राजू तालिकोटे कन्नड़ सिनेमा का हिस्सा रहे और अपने बेहतरीन हास्य अभिनय से दर्शकों को हँसाते रहे। उन्होंने 20 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और हमेशा सपोर्टिंग व कॉमिक रोल्स में अपनी छाप छोड़ी। राजू तालिकोटे ने KGF स्टार यश के साथ फ़िल्म ‘राजधानी’ में भी काम किया था। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘पंजाबी हाउस’, ‘जैकी’, ‘सुग्रीवा’, ‘अलमारी’, ‘टोपीवाला’ और ‘वीरा’ शामिल हैं।
Also Read: समाज में आज भी जात-पात की गहरी भावना मौजूद है: चिराग पासवान

