रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी विवाद में कूदे पिता रॉबर्ट वाड्रा, बीकानेर हाउस प्रशासन पर लगाया दबाव का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद अब उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने के आरोपों को लेकर खुलकर सामने आ गए हैं। रॉबर्ट वाड्रा का दावा है कि बीकानेर हाउस की प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाने के लिए रेहान पर भारी दबाव डाला गया था। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र में किसी भी कलाकार के साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए और न ही उसकी कलात्मक अभिव्यक्ति को दबाने या रोकने की कोशिश की जानी चाहिए।

खुद को आर्टिस्ट और फोटोग्राफर बताने वाले रेहान वाड्रा ने पहले यह दावा किया था कि उनकी प्रदर्शनी की शुरुआत होने से महज कुछ घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रशासन ने दिल्ली प्रोटेस्ट से जुड़ी उनकी कई चुनिंदा तस्वीरें हटवा दीं। इसी घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने तीखा रोष व्यक्त किया है।

अधिकारियों ने पहले नहीं जताई थी कोई आपत्ति

रॉबर्ट वाड्रा ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी को तैयार करने में दो दिन का वक्त लगा था। इस दौरान वेन्यू के अधिकारियों ने खुद वहां जाकर डिस्प्ले का जायजा लिया था और उस वक्त किसी भी तरह की आपत्ति नहीं जताई गई थी। लेकिन, ओपनिंग से ठीक कुछ घंटे पहले बिना किसी स्पष्टीकरण के अचानक हालात पूरी तरह बदल दिए गए।

चुनौतियों के बावजूद बेटे ने बहादुरी से जारी रखी प्रदर्शनी

रॉबर्ट वाड्रा ने अपने बेटे की सराहना करते हुए कहा, इन सबके बावजूद मुझे लगता है कि उसने काफी बहादुरी दिखाते हुए जो कुछ बचा था, उसी के साथ प्रदर्शनी को जारी रखने का फैसला किया। मुझे उस पर गर्व है। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों को भी इस प्रदर्शनी के लिए आमंत्रित किया गया था, वे सभी पहुंचे, क्योंकि फोटोग्राफी उसका पेशा भी है।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस सांसद और रेहान की मां प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं और इशारों-इशारों में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध चुकी हैं।

कांग्रेस पार्टी ने भी खोला मोर्चा

रेहान वाड्रा ने सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बीकानेर हाउस मैनेजमेंट पर उनकी तस्वीरें जबरन हटवाने का गंभीर आरोप लगाया था, और बाद में मीडिया के सामने आकर इन दावों की पुष्टि भी की। इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद पूरी कांग्रेस पार्टी ने भी खुलकर मोर्चा खोल दिया है और सत्ताधारी दल पर कलाकार की स्वतंत्रता और कला पर हमले का आरोप लगाया है।

Also Read: निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और विपक्ष पर लगाया देश को अस्थिर करने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.