लखनऊ के शहीद पथ पर फिल्मी अंदाज में फायरिंग, पुरानी रंजिश में चलती कार से युवक पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के शहीद पथ पर पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक युवक पर फिल्मी अंदाज में चलती कार से फायरिंग कर दी। पीड़ित ने तुरंत इस घटना का वीडियो बना लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
दिवियापुर, औरैया निवासी अमन कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्त के साथ लखनऊ के डीएलएफ माय पैड के पास चाय पी रहे थे। तभी पुरानी रंजिश का आरोपी रितिक पोखाल उर्फ भोला अपने साथियों के साथ एक स्विफ्ट डिजायर कार से वहाँ पहुंचा और उनकी गाड़ी के चारों ओर चक्कर लगाने लगा।
शक होने पर अमन अपनी गाड़ी लेकर शहीद पथ की ओर निकल गए, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया। चलती गाड़ी से रितिक और उसके साथियों ने अमन की कार पर फायरिंग कर दी। एक गोली अमन की कार के साइड शीशे पर लगी, जिससे शीशा टूट गया, जबकि दूसरी गोली हवा में निकल गई।
पीड़ित अमन ने बताया कि आरोपी रितिक ने गोलियां चलाने के बाद अपने इंस्टाग्राम पर स्टेटस भी लगाया, जिसमें लिखा था, “अभी तो छोटा सा ट्रेलर था, फिल्म तो अभी पूरी बाकी है।” घटना के बाद से अमन काफी डरे हुए हैं।
पुरानी रंजिश और आपराधिक रिकॉर्ड
अमन कुमार ने बताया कि दीपावली के दिन भी रितिक अपने साथियों के साथ उनके गांव हंसपुरवा, दिवियापुर (औरैया) पहुंचा था और घर के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी थी और भागते समय फायरिंग भी की थी।
पीड़ित के अनुसार, रितिक पोखाल लखनऊ में एक गिरोह चलाता है और लोगों से अवैध वसूली करता है। उसके खिलाफ बिजनौर थाने में अपहरण समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अमन का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की फिराक में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: ‘मुस्लिम लड़की लाओ, नौकरी पाओ’ बयान पर भड़कीं मायावती, सरकार से की ये मांग

