अयोध्या में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भव्य स्वागत, बृहस्पति कुंड में होगा मूर्तियों का अनावरण
Sandesh Wahak Digital Desk: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज एक बार फिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के क्षणों की साक्षी बनी, जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपनी दो दिवसीय यात्रा पर यहाँ पहुँचीं। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केंद्रीय मंत्री का गरिमामय स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनें अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शा रही थीं।
उत्तर-दक्षिण संस्कृति का संगम बनेगा बृहस्पति कुंड
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह दौरा टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुंड में आयोजित एक विशेष सांस्कृतिक आयोजन के लिए है। इस अवसर पर, वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त रूप से दक्षिण भारत के तीन महान संगीतज्ञों की मूर्तियों का अनावरण करेंगी।
जिन महान संतों की मूर्तियों का अनावरण होना है, वे हैं:
- संत त्यागराज स्वामीगल
- पुरंदर दास
- अरुणाचल कवि
बृहस्पति कुंड परिसर में स्थापित की गई ये मूर्तियां भारतीय संगीत, भक्ति और कला परंपरा का जीवंत प्रतीक हैं। इन संतों ने भक्ति संगीत को भारतीय संस्कृति का आत्मस्वर बनाया। उनकी मूर्तियों का अयोध्या की पावन भूमि पर स्थापित होना उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बनेगा, जिससे अयोध्या अब उत्तर-दक्षिण संस्कृति का संगम कहलाएगी।
उल्लेखनीय है कि योगी सरकार ने बृहस्पति कुंड परिसर को सौंदर्यीकरण कर पूरी तरह से संवार दिया है। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय मंत्री का काफिला सिविल लाइन्स स्थित होटल रेडिशन पहुंचा, जहां कुछ देर विश्राम के बाद वह अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हुईं।
Also Read: Bareilly News: IGRS पोर्टल पर खराब प्रदर्शन, डीएम ने 8 अधिकारियों का वेतन रोका

