IPS पूरन कुमार केस में नया मोड़, जाँच अधिकारी ASI संदीप लाठर की ख़ुदकुशी मामले में IPS की पत्नी अमनीत कुमार समेत 4 पर FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की कथित ख़ुदकुशी से जुड़े मामले में एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस केस की जाँच कर रहे एएसआई (ASI) संदीप लाठर की आत्महत्या के मामले में अब दिवंगत आईपीएस पूरन कुमार की पत्नी, आईएएस अधिकारी पी. अमनीत कुमार समेत कुल चार लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर (FIR) दर्ज की गई है। रोहतक सदर पुलिस थाने में यह कार्रवाई संदीप लाठर की पत्नी संतोष लाठर की शिकायत पर की गई है।

IAS अधिकारी और AAP विधायक पर लगे गंभीर आरोप

एफ़आईआर में नामजद चार लोगों में आईएएस अधिकारी अमनीत कुमार के अलावा, आईपीएस पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार, बठिंडा ग्रामीण से आम आदमी पार्टी के विधायक और पूरन कुमार के साले अमित रतन, तथा एक अन्य व्यक्ति का नाम शामिल है।

शिकायतकर्ता संतोष लाठर का आरोप है कि इन सभी ने उनके पति संदीप लाठर पर इतना अनुचित दबाव बनाया कि वे मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गए और अंततः उन्हें आत्महत्या करने के लिए मज़बूर होना पड़ा। परिवार का दावा है कि संदीप लाठर पर आईपीएस पूरन कुमार की मृत्यु के बाद भी लगातार अनुचित दबाव बनाया जा रहा था, जिसकी शिकायत उन्होंने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से करने की कोशिश की थी।

न्याय की मांग पर अड़ा परिवार

एफ़आईआर दर्ज होने के बावजूद, संदीप लाठर के परिजनों ने अभी तक उनका पोस्टमार्टम कराने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार की मांग सख़्त होती जा रही है। उन्होंने साफ़ कहा है कि जब तक सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उनकी मुख्य माँगें हैं- संदीप लाठर को शहीद का दर्जा दिया जाए। उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।

इस दुखद घटना के बाद परिवार को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे प्रशासन पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने और उनकी मांगों को मानने का दबाव बढ़ गया है।

Also Read: बहराइच: आतंक का पर्याय बने आदमखोर भेड़िए को वन विभाग ने मार गिराया, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.