Firozabad News: SIR विवाद पर भड़के अक्षय यादव, बोले- BJP के इशारे पर हो रहा वोटों को काटने का खेल

Sandesh Wahak Digital Desk: शिकोहाबाद में लोकतंत्र सेनानी के निधन के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अक्षय यादव ने शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा और कई राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

‘चुनाव आयोग का SIR लागू करना BJP प्रेरित’

अक्षय यादव ने चुनाव आयोग द्वारा कई राज्यों में सप्लीमेंट्री इन्फॉर्मेशन रजिस्टर (SIR) लागू करने के फैसले पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इसे बीजेपी से प्रेरित बताया। सांसद ने कहा, “जिस तरह बिहार में SIR चुनाव से पहले लागू किया गया, वह बीजेपी के कहने पर हुआ। वहां गैर-बीजेपी वोटों को काटकर सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाया गया। हमने तब भी इसका विरोध किया था और आज भी कर रहे हैं, क्योंकि यह वोट की चोरी का तरीका है।”

पाकिस्तान द्वारा अभिनेता सलमान खान को आतंकी घोषित किए जाने के सवाल पर सांसद ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हमेशा गलत बयानबाजी करता है। उसे पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत को लौटा देना चाहिए, वहां की जनता बदहाल है। भारत सरकार को उसे वापस लेना चाहिए।”

खाद की किल्लत पर सरकार को घेरा

फिरोजाबाद में खाद की किल्लत को लेकर सांसद ने सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “फिरोजाबाद में खाद की कमी नहीं थी, हमने इसकी मांग की थी और सरकार ने उपलब्ध भी कराई थी, लेकिन कुछ लोग इसे दूसरे जिलों में भेज रहे हैं। यह भ्रष्टाचार और शासन की लापरवाही का परिणाम है।”

बिहार चुनाव और विपक्षी एकता

बिहार चुनाव में सपा की भूमिका पर उन्होंने बताया कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हैं, गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे। इसके अलावा, वक्फ बिल को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के बयान पर अक्षय यादव ने कहा, “अभी चुनाव होने दीजिए, बहुत कुछ बदलाव देखने को मिलेगा।” वहीं, तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच मतभेदों की खबरों को उन्होंने “बीजेपी की पुरानी रणनीति” बताया, जो विपक्ष को कमजोर करने का काम करती है।

Also Read: Mahoba News: दरोगा पर 10 हजार वसूलने का आरोप, विरोध करने पर शख्स को पीटने का भी मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.