‘पहले प्रसाद खरीदो, फिर…’, चंद्रिका देवी मंदिर में दुकानदारों ने SDM को धमकाया, 3 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के प्रसिद्ध चंद्रिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ दुकानदारों की बदसलूकी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला तब सामने आया जब मलिहाबाद के एसडीएम अंकित कुमार को भी इन दुकानदारों ने नहीं बख्शा। प्रसाद न खरीदने पर एसडीएम से की गई अभद्रता और धमकी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी मारपीट के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
‘पहले प्रसाद खरीदो, फिर गाड़ी पार्क करो’
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को एसडीएम अंकित कुमार चंद्रिका देवी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। जैसे ही उनकी सरकारी गाड़ी मंदिर प्रांगण में रुकी, वहां मौजूद दुकानदार राजनाथ सिंह ने चालक को रोका और कहा कि पहले प्रसाद खरीदो, फिर गाड़ी पार्क करो। जब चालक ने बताया कि गाड़ी में एसडीएम मौजूद हैं, तब भी वह नहीं माना। इसके बाद दो अन्य युवक रूपेश यादव और दुर्गेश मिश्रा भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर बदसलूकी शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बीकेटी थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह की टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। थाने में पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
‘दुकानदारों की दबंगई आम बात है’
मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि वहां के दुकानदारों की गुंडई अब आदत बन चुकी है। श्रद्धालुओं को जबरन प्रसाद खरीदने पर मजबूर किया जाता है, और विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट भी होती है। स्थानीय पुलिस इस व्यवहार से अवगत है, लेकिन ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गई है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे विवाद
यह कोई पहला मामला नहीं है। दो महीने पहले भी चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ दुकानदारों ने मारपीट की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तब कुछ दुकानदारों को जेल भेजा गया था और बाकी ने माफी मांगते हुए श्रद्धालुओं को गुलाब के फूल भेंट किए थे।
26 अप्रैल को बाराबंकी निवासी अंकुर और सीमा के साथ पार्किंग एरिया में मारपीट हुई थी। त्रिवेणीनगर, लखनऊ के पीयूष शर्मा और उनके परिवार से प्रसाद को लेकर हुए विवाद में मारपीट की गई थी। इन मामलों में भी पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन जमीनी सुधार अब तक नजर नहीं आया है।
चंद्रिका देवी मंदिर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में दुकानदारों की मनमानी और दबंगई का यह सिलसिला आस्था के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
Also Read: UP News: फर्जी आर्मी भर्ती गिरोह का पर्दाफाश, यूपी STF ने दबोचे तीन शातिर अपराधी

