सौरव गांगुली की बायोपिक का पहला पोस्टर रिलीज, राजकुमार राव का लुक देख भड़के फैंस
Sourav Ganguly Biopic: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन पर उनकी बायोपिक ‘दादा द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया। पोस्टर में साल 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में शर्ट लहराने वाले गांगुली के मशहूर पल को दिखाया गया है। इस फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं।
पोस्टर शेयर करते हुए राजकुमार राव ने गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, सौरव गांगुली ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “अब तक का सबसे बेहतरीन गिफ्ट राजकुमार राव को मेरा कवर ड्राइव खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार है।”
पोस्टर पर सोशल मीडिया में मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
हालांकि, पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसकी एडिटिंग और लुक को लेकर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, “इससे बेहतर काम तो AI कर देता।” वहीं दूसरे ने पोस्टर को “फेक” बताते हुए हटाने की मांग की। एक अन्य यूजर ने इसे खराब तरीके से एडिट किया गया पोस्टर बताया। हालांकि, कुछ फैंस ने फिल्म को लेकर उत्साह भी दिखाया।
मजबूत स्टारकास्ट, 2027 में होगी रिलीज
फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि लव रंजन और अंकुर गर्ग इसके निर्माता हैं। फिल्म में तान्या मानिकतला डोना गांगुली, अपराजिता आढ़्या गांगुली की मां निरूपा और शाश्वत चटर्जी उनके पिता चंडी गांगुली की भूमिका निभाएंगे।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में गांगुली के क्रिकेटर से भारतीय टीम के सफल कप्तान बनने तक का सफर दिखाया जाएगा। यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन जाह्नवी कपूर, टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य की फिल्म ‘लग जा गले’ भी रिलीज होगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।

