महाराष्ट्र में भारी बारिश से हालात गंभीर, अमित शाह ने मुख्यमंत्री को फोन कर दिया हरसंभव मदद का भरोसा
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में उपजे इस गंभीर संकट के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। गृह मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार इस मुश्किल घड़ी में पूरी तरह से राज्य के साथ खड़ी है और राहत व बचाव कार्यों के लिए जरूरत पड़ने पर हर प्रकार की सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
बांधों का बढ़ा जलस्तर, उफान पर नदियां
पिछले चार दिनों से जारी अनवरत बारिश के चलते विभिन्न जिलों के जलाशयों और बांधों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। धामनी बांध वर्तमान में अपनी कुल क्षमता का 53 प्रतिशत तक भर चुका है, जबकि कवडास बांध पूरी तरह ओवरफ्लो हो गया है। बांध के लबालब होने के कारण सूर्य नदी में करीब 50,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
पालघर में युवाओं ने पेश की इंसानियत की मिसाल
पालघर के पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सड़कें दरिया बन चुकी हैं। सफाले-सखारे मुख्य मार्ग पर जगह-जगह भारी जलजमाव होने से आवाजाही ठप हो गई है। इसी बीच बाढ़ के पानी में एक मरीज को ले जा रही निजी गाड़ी अचानक फंस गई। संकट की इस घड़ी में सखारे और नवझे गांवों के स्थानीय युवा मसीहा बनकर सामने आए। उन्होंने जान जोखिम में डालकर गाड़ी में फंसे लोगों और मरीज को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में रस्सियों के सहारे गाड़ी को भी पानी से बाहर खींच लिया।
एपीएमसी मंडी में जलजमाव, कोल्हापुर में डूबे 54 बैराज
नवी मुंबई में भी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहाँ की मशहूर एपीएमसी सब्जी मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर घुटनों तक पानी भर गया है। इस जलजमाव के कारण व्यापारियों, किसानों और ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ, कोल्हापुर जिले में पिछले पांच दिनों में उम्मीद (517 मिमी) से कम यानी 366 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि यहाँ बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन इसके बावजूद 54 बैराज पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं और नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
आज भी भारी बारिश की आशंका, रहें सतर्क
मौसम विभाग (IMD) की चेतावनियों के बीच विधान परिषद के उप-सभापति सचिन अहीर ने बयान जारी कर कहा कि हालांकि आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के मुताबिक अब तक वैसी अतिवृष्टि नहीं देखी गई है, लेकिन आज भारी बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे बेहद सावधान रहें और बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें।
Also Read: सौरव गांगुली की बायोपिक का पहला पोस्टर रिलीज, राजकुमार राव का लुक देख भड़के फैंस

