मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात, 17 अक्टूबर तक उड़ाने हुई रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
Middle East Crises: मिडिल ईस्ट में बिगड़ते सुरक्षा हालात का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है। इंडिगो (IndiGo) और अकासा एयर (Akasa Air) ने सऊदी अरब के कई शहरों के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द करने का फैसला किया है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
इंडिगो ने मंगलवार को जारी एडवाइजरी में बताया कि बदलती सुरक्षा स्थिति के चलते रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए और वहां से आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण पर लगातार अपडेट भेजे जा रहे हैं। सहायता के लिए उसकी सपोर्ट टीम भी उपलब्ध है।
अकासा एयर ने भी रद्द की उड़ानें
अकासा एयर ने भी सुरक्षा हालात का आकलन करने के बाद रियाद और जेद्दा की उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द रखने का फैसला किया है। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फैसले ले रही है।
प्रभावित यात्रियों को अकासा एयर की ओर से दो विकल्प दिए गए हैं:
- पूरा रिफंड: टिकट की रकम सात दिनों के भीतर भुगतान के मूल माध्यम में वापस की जाएगी।
- बिना अतिरिक्त शुल्क री-बुकिंग: यात्री अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं।
इंडिगो ने भी यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति जांचने और किसी सवाल या परेशानी के लिए सपोर्ट टीम से संपर्क करने की सलाह दी है।
रियाद एयरपोर्ट पर भी परिचालन रोका गया
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (King Khalid International Airport) पर परिचालन रोकने का फैसला लिया गया। सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि एयरपोर्ट की सुविधाओं की सुरक्षा और परिचालन संबंधी तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार देर रात एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने का दावा किया था। इससे पहले सऊदी अरब ने कहा था कि उसने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट कर दिया।
इन घटनाओं के बीच एयरलाइंस सुरक्षा स्थिति की निगरानी कर रही हैं। सऊदी अरब की यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
Also Read: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी, PTI सरकार सस्पेंड

