बिग बॉस की Ex कंटेस्टेंट दिव्या शिंदे गिरफ्तार, 65 साल के बुजुर्ग से मारपीट का आरोप
Entertainment News: ‘बिग बॉस मराठी 6’ से चर्चा में आईं एक्टर, सोशल वर्कर और इन्फ्लुएंसर दिव्या शिंदे कानूनी मुश्किल में फंस गई हैं।
पुणे पुलिस ने उन्हें 65 वर्षीय रिटायर्ड मेडिकल ऑफिसर डॉ. विद्याधर गायकवाड़ की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया है।
दिव्या पर कथित मारपीट, गाली-गलौज, जबरन वसूली की कोशिश और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, डॉ. गायकवाड़ 2022 में पुणे कैंटोनमेंट हॉस्पिटल के चीफ मेडिकल ऑफिसर पद से रिटायर हुए थे। वह करुणादीप फाउंडेशन से भी जुड़े हैं।
इस संस्था ने 1 से 3 सितंबर के बीच बाल गंधर्व रंग मंदिर में कला आविष्कार महोत्सव आयोजित किया था।
शिकायत के अनुसार, दिव्या का दावा था कि उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार में मदद की थी और इसके बदले उन्हें भुगतान नहीं किया गया।
वहीं, गायकवाड़ का कहना है कि दिव्या को संस्था की ओर से प्रचार का कोई आधिकारिक काम नहीं सौंपा गया था। आरोप है कि दिव्या ने अगस्त से उन्हें फोन और मैसेज कर 5 लाख रुपये की मांग की।
घर पहुंचकर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, दिव्या कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचीं और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
आरोप है कि 5 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई और घर के सामान को नुकसान पहुंचाया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दिव्या को गिरफ्तार किया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने 30 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिग बॉस से मिली पहचान
दिव्या शिंदे को ‘बिग बॉस मराठी 6’ से पहचान मिली थी। शो में वह अपने आक्रामक रवैये को लेकर भी चर्चा में रही थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक टास्क के दौरान विवादित धमकी देने के बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था।
सोशल मीडिया पर दिव्या के करीब 11 लाख फॉलोअर्स हैं। बिग बॉस में आने से पहले भी वह छात्र मुद्दों और विभिन्न आंदोलनों से जुड़ी रही हैं।
Also Read: ‘राइज एंड फॉल 2’ में पहले हफ्ते ही बवाल, सिवेत तोमर की शहजाद से हुई हाथापाई

