लखनऊ में अपार्टमेंट का पिलर धंसा, सुरक्षित निकाले गए 25 परिवार, NDRF-SDRF तैनात

Lucknow Building News: लखनऊ के वजीरगंज में लाल मस्जिद के पास स्थित SA अपार्टमेंट में सोमवार को अचानक एक पिलर नीचे धंस गया। घटना के बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे अपार्टमेंट को खाली करा दिया। बता दें कि यहां करीब 25 परिवार रहते हैं। पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही भी रोक दी है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी विशाख जी ने मौके पर पहुंचकर बिल्डिंग की स्थिति देखी।

पत्नी बालकनी में थीं, तभी धंसा पिलर

अपार्टमेंट निवासी मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि उनकी पत्नी बालकनी में खड़ी थीं, तभी अचानक बिल्डिंग के एक हिस्से का पिलर नीचे की ओर धंस गया। उन्होंने कहा कि घटना के समय सभी लोग डर गए। ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो।

इस्माइल के मुताबिक, उन्होंने करीब 20 लाख रुपये में बिल्डिंग बनने के समय फ्लैट खरीदा था। पांच मंजिला अपार्टमेंट में करीब 25 फ्लैट हैं। उनका आरोप है कि पिछले 6-7 महीने से बिल्डिंग की स्थिति ठीक कराने के लिए मेंटेनेंस देखने वालों से शिकायत की जा रही थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभालने वाले वकील अहमद पर भी लापरवाही का आरोप लगाया।

प्रशासन ने खाली कराया अपार्टमेंट

डीएम विशाख जी ने कहा कि एक पिलर बैठने की सूचना पर SDRF और NDRF को बुलाया गया। फिलहाल सुरक्षा के लिए बिल्डिंग खाली कराई गई है। जिन परिवारों के पास रहने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए रैन बसेरे में इंतजाम किया जाएगा।

SA अपार्टमेंट का निर्माण 2010 में हुआ था। LDA अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि बिल्डिंग के नक्शे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जर्जर भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.