देवरिया जेल में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती होने से किया इनकार
Sandesh Wahak Digital Desk: देवरिया जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी और ‘आजाद अधिकार सेना’ के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की सेहत एक बार फिर चर्चा में है। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों द्वारा भर्ती होने की सलाह दिए जाने के बावजूद उन्होंने अस्पताल में रुकने से मना कर दिया और प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल लौट गए।
इलाज के बाद जेल वापसी: क्या है पूरा मामला?
बुधवार सुबह अमिताभ ठाकुर ने पेट में तेज दर्द और असहजता की शिकायत की थी। जेल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उन्हें पहले मेडिसिन विभाग ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी विभाग भेज दिया।
भर्ती होने से इनकार: सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने उनकी स्थिति देखते हुए उन्हें एडमिट (भर्ती) होने की सलाह दी। लेकिन अमिताभ ठाकुर ने अस्पताल में रुकने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद डॉक्टर केवल जरूरी दवाइयां देकर उन्हें डिस्चार्ज करने पर मजबूर हो गए।
जमानत मिलने के बाद भी क्यों हैं जेल में?
अमिताभ ठाकुर को धोखाधड़ी के एक मामले में 10 दिसंबर को गिरफ्तार कर देवरिया जेल भेजा गया था। उन्हें इस मामले में 19 जनवरी को जमानत मिल गई थी। रिहाई से ठीक पहले लखनऊ में दर्ज एक अन्य मामले में ‘वारंट-बी’ तामील कर दिया गया, जिसकी वजह से वह जेल से बाहर नहीं आ सके।
लगातार खराब चल रही है सेहत
यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ ठाकुर को इलाज की जरूरत पड़ी हो। पिछले तीन हफ्तों से उनकी सेहत लगातार ऊपर-नीचे हो रही है। करीब तीन हफ्ते पहले सीने में दर्द और भारीपन के बाद उन्हें लखनऊ के SGPGI के कार्डियोलॉजी विभाग (MICU) में भर्ती कराया गया था। पीजीआई से डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन वहां भी तबीयत में खास सुधार नहीं हुआ। दोबारा लखनऊ में विशेष इलाज कराने के बाद उन्हें वापस देवरिया जेल शिफ्ट किया गया था।
Also Read: ‘कहां-कहां जिला बदर करोगे?’, लखनऊ पहुंचे सस्पेंडेड PCS अलंकार अग्निहोत्री के तेवर सख्त

