टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 4 गिरफ्तार, UP की 2 युवतियां भी शामिल, विदेशी गैंगस्टर से कनेक्शन का शक

Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हरियाणा के दो युवकों और उत्तर प्रदेश की दो युवतियों को पकड़ा है। पुलिस को शक है कि आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के निर्देश पर काम कर रहे थे। चारों को अदालत में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस की टीम को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23) व बबीता (23) के रूप में हुई है। महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने अदालत से आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर का नाम आया सामने

पुलिस के मुताबिक, कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके एक दोस्त ने उसे पानीपत के 32 वर्षीय अनिल पंडित से मिलवाया था। पुलिस को शक है कि पंडित लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang) का सहयोगी है और फिलहाल अमेरिका में हो सकता है।

जांच अधिकारी के अनुसार, कुणाल एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए पंडित के संपर्क में था। आरोप है कि उसके निर्देश पर कुणाल और सुमित ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस हासिल किए।

बैग में छिपाकर मुंबई ले जाया गया हथियार

पुलिस के अनुसार, कुणाल की करीब दो महीने पहले राधा से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच संबंध बनने के बाद उसने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए राजी किया। 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा। पुलिस का दावा है कि पिस्तौल राधा के बैग में छिपाई गई थी और कुणाल रास्ते भर ऐप के जरिए उसके संपर्क में था।

दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं और दादर स्टेशन के पास एक होटल में रुकीं। अधिकारी के मुताबिक, अगले दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने होटल के पास राधा से बैग लिया।

इसके बाद टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की खबर (Tiger Shroff Firing Case) सामने आई। पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि हमलावर मुंबई में फंस गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने को कहा। राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना हुईं।

मंगलवार को दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब कथित नेटवर्क और उसमें आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Also Read: सलमान खान को धमकी, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग… अब टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद फिर चर्चा में बिश्नोई गैंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.