मुजफ्फरनगर: बाइक चलाते समय फटी मोबाइल की बैटरी, धमाके के बाद सड़क पर गिरकर युवक की मौत
Muzaffarnagar Mobile Battery Blast: मुजफ्फरनगर में चलती बाइक पर मोबाइल की बैटरी फटने से 40 वर्षीय विकास अंतल की मौत हो गई। सोमवार शाम हुए हादसे में धमाके के बाद उनका बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल ले गए, लेकिन परिजन बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विकास की मौत से परिवार में मातम पसरा है। उनके छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा है।
वहलना चौक के पास हुआ हादसा
यह हादसा (Muzaffarnagar Mobile Battery Blast) नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक के पास हुआ। रहमतपुर गांव निवासी विकास अंतल अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल की बैटरी फटने की बात सामने आई। धमाके के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर पड़े।
पड़ोसी शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, हादसे में विकास के सीने और हाथ में चोट आई थी। गिरने के दौरान उनका हेलमेट भी उतर गया और सिर में गंभीर चोट लगी। खालापार थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हुआ था। सिर में गहरी चोट लगने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
शुगर मिल में काम करते थे विकास
विकास अंतल खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करते थे। पड़ोसी के अनुसार, गांव में उनका सभी के साथ अच्छा व्यवहार था। परिवार में उनके बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा हैं। अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है और दोनों छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना (Muzaffarnagar Mobile Battery Blast) की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने विकास के पिता और अन्य परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
Also Read: एटा: मेले में चाऊमीन खाते ही 12 साल की तनु की मौत! सांस की नली में फंसा टुकड़ा

