Mirzapur News: चुनार स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार कर रहे 4 श्रद्धालुओं की ट्रेन से कटकर मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। हादसे की चपेट में आए सभी लोग श्रद्धालु थे, जो कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए मिर्ज़ापुर आए थे।

ये श्रद्धालु चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन से चुनार रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों ने प्लेटफॉर्म की ओर उतरने के बजाय गलत दिशा में ट्रैक पर कदम रख दिया। स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज होने के बावजूद, ये लोग पटरी पार करके प्लेटफॉर्म पर आने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान हावड़ा से कालका जा रही नेताजी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12311) तेज़ गति से आई और ये लोग उसकी चपेट में आ गए, जिससे 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

उन्होंने SDRF और NDRF की टीमों को भी जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुँचने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Also Read: लखनऊ के कपड़ा कोठी मेगा मार्ट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.