UP से हिमाचल तक बारिश का रौद्र रूप, कहीं मकान गिरे तो कहीं नदियां उफनीं, 15 की मौत

Heavy Rainfall in India: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश से मकानों, फसलों और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है।

 

यूपी में 15 लोगों की मौत, 117 मकान तबाह

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य से 19 गुना ज्यादा बारिश दर्ज की गई। अलग-अलग बारिश संबंधी घटनाओं में 15 लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की सूचना है। राज्य में 117 कच्चे मकान पूरी तरह तबाह हुए हैं।

कच्ची दीवारों और मकानों के गिरने से 5 लोगों की जान गई, जबकि तेज हवाओं और भारी बारिश के दौरान पेड़ गिरने से हुए हादसों में भी 5 लोगों की मौत हुई है। लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी और गोरखपुर से भी जनहानि की खबरें सामने आई हैं।

लखनऊ के चाइना गांव में मिट्टी के घर की दीवार गिरने से एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। तीनों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कन्नौज में बारिश से 20 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

बांदा, वाराणसी, उन्नाव, प्रयागराज, श्रावस्ती, एटा, बदायूं, गोरखपुर, बरेली, बलरामपुर और पीलीभीत समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। कई अस्पताल और सार्वजनिक स्थान जलमग्न हैं, जबकि खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। आंधी-तूफान में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

छत्तीसगढ़ से हिमाचल तक बिगड़े हालात

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद, राजनांदगांव, बलौदा बाजार और बस्तर में भी भारी बारिश का असर दिख रहा है। बस्तर और जगदलपुर में पांच दिनों की बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और प्रशासन को सैकड़ों लोगों का रेस्क्यू करना पड़ा है।

मध्य प्रदेश के मंडला और पन्ना में केन और मदासन नदियां उफान पर हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और उत्तराखंड के चमोली, टिहरी समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ गई हैं। नेपाल में बारिश के कारण कोसी और गंडक नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है।

दिल्ली में येलो अलर्ट

दिल्ली में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया था। रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 21 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दक्षिण-पूर्वी यूपी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है। इसके प्रभाव से रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश (Heavy Rainfall) जारी रहने की संभावना है।

Also Read: यूपी में बारिश का कहर, 48 घंटे में 15 मौतें, 117 मकान क्षतिग्रस्त, अलर्ट जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.