यूपी में बारिश का कहर, 48 घंटे में 15 मौतें, 117 मकान क्षतिग्रस्त, अलर्ट जारी
Uttar Pradesh Rain: उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद के मुताबिक अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से अब तक 15 लोगों की मौत, 5 लोगों के घायल होने और 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। 4 पशुहानि भी हुई है।
63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक वर्षा हुई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात व हरदोई में करीब 130 गुना ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा जनहानि लखीमपुर खीरी में 4 हुई। अयोध्या में 2 और अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई व कानपुर नगर में एक-एक मौत हुई है।
डीएम को राहत कार्य तेज करने के निर्देश
राहत आयुक्त ने प्रभावित जिलों के डीएम को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। घायलों के इलाज, जनहानि-पशुहानि और मकान क्षति पर तत्काल सहायता देने के साथ फसलों के नुकसान का सर्वे कराने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए पूर्वी यूपी के सीमावर्ती जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 36 घंटे बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है। आपदा की स्थिति में राहत हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

