Bareilly News: 40 साल से पुलिस को चकमा दे रहा भगोड़ा अजीज सुल्तानपुर से गिरफ्तार
Bareilly News: कानून के लंबे हाथों से चार दशकों से बचता आ रहा एक शातिर भगोड़ा आखिरकार बरेली पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। थाना भोजीपुरा पुलिस ने वर्ष 1986 से फरार चल रहे वांछित वारंटी अजीज खाँ को सुल्तानपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अपील संख्या 96/1986 में धारा 3/7 ईसी एक्ट (आवश्यक वस्तु अधिनियम) के तहत अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने उसे 21 सितंबर 2026 को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस पड़ताल के अनुसार, घटना के समय आरोपी अजीज खाँ (पुत्र मोहम्मद हुसैन) भोजीपुरा के धौराटांडा इलाके में रहकर ड्राइवरी का काम करता था। अदालती और पुलिस अभिलेखों में भी वही पता दर्ज था, जिसके आधार पर वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। जब भोजीपुरा पुलिस ने मामले की नए सिरे से गहन जांच शुरू की और सुराग जुटाए, तो खुलासा हुआ कि उसका असली निवास स्थान सुल्तानपुर जिले के थाना दोस्तपुर अंतर्गत ग्राम सैलखा में है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने सुल्तानपुर में दबिश देकर उसे दबोच लिया।
एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया नकद पुरस्कार
40 वर्षों से फरार चल रहे अति-वांछित वारंटी को पकड़ने वाली भोजीपुरा पुलिस टीम की इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली ने खुशी जताई है। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की। इसमें टीम की अगुवाई करने वाले निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह को 7,500 रुपये, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार को 5,000 और आरक्षी संजय सागर को 4,000 रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने टीम की पीठ थपथपाते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और मुस्तैदी से काम करने की प्रेरणा दी।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: श्री हरि मंदिर में बरेली के राजा गणपति बप्पा का हुआ भव्य विसर्जन

