रामपुर में गैंगस्टर की हत्या, बेटी की दवाई लेकर लौटते समय बाइक सवारों ने गोलियों से भूना

Rampur Gangster Murder: रामपुर में गुरुवार को गैंगस्टर संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी उर्फ सनिया की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब वह अपनी बेटी के बुखार की दवाई लेकर मेडिकल स्टोर से पैदल घर लौट रहा था। सुभाषनगर डिबडिबा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने बाइक सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी। पांच गोलियां लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस के मुताबिक संदीप की गांव के ही तीन लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। यह विवाद होली के दौरान हुआ था, जब बाइक से पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग हुई थी। पुलिस अब इसी रंजिश समेत अन्य विवादों को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों के आने और वारदात के बाद भागने वाले रास्तों की भी जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

गैंगस्टर एक्ट में हुई थी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय संदीप के खिलाफ बिलासपुर कोतवाली में 16 और उत्तराखंड में चार मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ चोरी, लूट, मारपीट और फायरिंग समेत कई मामले दर्ज थे। 20 मुकदमों के चलते उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई थी और हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया चल रही थी।

संदीप कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब उसके पुराने विवादों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। हत्या (Rampur Gangster Murder) के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

Also Read: बुलंदशहर में नाबालिग का गैंगरेप कर नहर में फेंका, हाफ एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.