बुलंदशहर में नाबालिग का गैंगरेप कर नहर में फेंका, हाफ एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार
Bulandshahr Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 16 साल की किशोरी के साथ गैंगरेप के बाद उसे नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के नगला चीती गांव में हुई घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा।
मंगलवार रात करीब साढ़े तीन बजे ग्रामीण छोटू को अपर गंगनहर के पास से आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उसे एक किशोरी पेड़ की टहनी पकड़े मिली। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने किशोरी को नहर से बाहर निकाला।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह मूल रूप से बीबीनगर क्षेत्र की रहने वाली है। पिता की मौत के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और राजस्थान चली गई। दादी की मौत के बाद वह कुछ समय अपनी मां के साथ राजस्थान में रही, लेकिन वहां से बुलंदशहर आ गई थी और तारा नाम की महिला के साथ रह रही थी।
बाइक से ले जाकर वारदात का आरोप
किशोरी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात तारा का पति शफीक अपने साथी भूरा के साथ उसे बाइक पर बैठाकर नहर के पास ले गया। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म (Gangrape) किया और विरोध करने पर उसे नहर में धक्का देकर फरार हो गए। किशोरी ने पेड़ की टहनी पकड़कर खुद को बचाया।
मामले में तारा, उसके पति शफीक और भूरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भूरा को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था।
मोबाइल लेने पहुंचा था आरोपी
बुधवार देर रात पुलिस की शफीक से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार शफीक ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, वारदात (Bulandshahr Gangrape Case) के दौरान शफीक का मोबाइल घटनास्थल पर छूट गया था और उसे लेने पहुंचने पर मुठभेड़ हुई। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: आगरा में युवक ने प्रेमिका को बीच सड़क मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया, युवती गंभीर

