बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा 5KG LPG सिलेंडर, लौटाने पर 500 मिलेंगे वापस
IndianOil : अगर आप कम गैस की जरूरत वाले उपभोक्ता हैं, तो इंडियनऑयल का 5 किलोग्राम वाला ‘छोटू’ LPG सिलेंडर आपके लिए उपयोगी विकल्प हो सकता है। इस सिलेंडर की खास बात यह है कि इसे खरीदने के लिए पारंपरिक घरेलू LPG कनेक्शन या एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती। ग्राहक केवल पहचान पत्र दिखाकर नया कनेक्शन ले सकते हैं।
यह सिलेंडर खासतौर पर छात्रों, किराए के मकान में रहने वाले लोगों, दूसरे शहर में नौकरी करने वाले कर्मचारियों, छोटे परिवारों, हॉस्टल, छोटे दुकानदारों और सीमित जगह वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए तैयार किया गया है।
सिलेंडर लौटाने पर मिलेंगे 500
इंडियनऑयल ने 5 किलोग्राम FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर को ‘छोटू’ नाम से लॉन्च किया है। इसकी एक बड़ी खासियत यह है कि अगर भविष्य में ग्राहक को इसकी जरूरत नहीं रहती, तो अधिकृत बिक्री केंद्र से खरीदे गए सिलेंडर को वापस करने पर प्रति सिलेंडर 500 की तय बायबैक राशि दी जाती है। इसकी रिफिलिंग देशभर में किसी भी अधिकृत इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर, इंडियनऑयल पेट्रोल पंप, चुनिंदा किराना स्टोर और सुपरमार्केट से कराई जा सकती है।
HPCL ने भी शुरू की नई सुविधा
वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने स्विगी इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी कर 10 किलोग्राम के ‘HP Navya’ कंपोजिट LPG सिलेंडर और 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर की आपूर्ति शुरू करने की घोषणा की है। इसकी शुरुआत बेंगलुरु से होगी। ग्राहक इंस्टामार्ट पर सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। पहली बार नया सिलेंडर मिलेगा, जबकि बाद में खाली सिलेंडर लौटाकर रिफिल मंगाई जा सकेगी। पहली खरीद पर पहचान सत्यापन और जरूरी दस्तावेज देना अनिवार्य होगा।
Also Read: Congress Protest: PM आवास के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा, राहुल-अखिलेश हिरासत में लिए गए

