गाजियाबाद में 150 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश STF गौतमबुद्धनगर की टीम ने गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी इलाके में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। टीम ने इनके कब्जे से करीब 150 किलो अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 37.50 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई 24 अगस्त 2026 की रात करीब 9:24 बजे की गई।

STF के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के पटना निवासी प्रिंस कुमार समेत आशीष कुमार, सोनू कुमार, राजा कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं। इनके पास से दो कारें भी मिलीं, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थीं। इनमें एक स्विफ्ट डिजायर और दूसरी हुंडई ऑरा है।

ओडिशा से लाकर NCR में करते थे सप्लाई

पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि वह करीब दो साल से साथियों के साथ गांजे की तस्करी कर रहा था। फरवरी 2026 में उसका संपर्क भोजपुर के रौशन नाम के व्यक्ति से हुआ। इसके बाद ओडिशा से गांजा लाकर बिहार के रास्ते दिल्ली-NCR और मेरठ में सप्लाई करने लगा।

आरोपियों के अनुसार, सोनू उर्फ रोहित के जरिए दिल्ली-NCR में गांजा बेचा जाता था। एक सप्लाई के लिए उन्हें करीब 30 से 40 हजार रुपये मिलते थे और महीने में सात-आठ बार तक गांजा पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, वे दो अलग-अलग गाड़ियों में माल रखकर चलते थे, ताकि एक वाहन पकड़े जाने पर दूसरा बच सके।

रौशन गैंग से जुड़े होने का दावा

STF के अनुसार प्रिंस ने खुद को बिहार के रौशन गैंग का सदस्य बताया। गिरोह का सरगना रोशन कुमार सिंह बताया गया है, जिसका नेटवर्क बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। सभी को ट्रॉनिका सिटी थाने में दर्ज मुकदमे में जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।

Also Read: यूपी में चीनी संकट की खबरों पर CM योगी का दावा, 28 लाख टन स्टॉक मौजूद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.