लाइब्रेरियन भर्ती की मांग पर युवाओं ने किया डिप्टी सीएम आवास का घेराव, ब्रजेश पाठक ने दिया समाधान का भरोसा

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी लंबे समय से लंबित लाइब्रेरियन पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि इससे पूर्व अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के पिकअप भवन स्थित मुख्यालय के बाहर भी 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं।

PET-2025 के आधार पर भर्ती की मांग

आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई नई बहाली नहीं हुई है। युवाओं ने मांग की है कि सरकार PET-2025 के आधार पर तुरंत विज्ञापन जारी करे। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग के पास 362 पदों का अधियाचना (अधियाचन) पहले से उपलब्ध है, लेकिन अधिकारी हर बार अगले महीने का आश्वासन देकर मामला टाल देते हैं।

लाइब्रेरी एक्ट 2006 की अनदेखी पर जताई नाराजगी

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों (अमित और मनीष) ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 2006 में बने लाइब्रेरी एक्ट का कड़ाई से पालन नहीं किया जा रहा है। कई संस्थानों में बिना लाइब्रेरी साइंस की योग्यता वाले कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है, जबकि डिग्री धारक युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यदि सरकार भर्ती नहीं निकाल सकती तो लाइब्रेरी साइंस का कोर्स ही बंद कर देना चाहिए। जब तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

डिप्टी सीएम बोले- युवाओं की मांग पर निकाला जाएगा रास्ता

प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस विषय पर UPSSSC के अध्यक्ष से बात की गई है और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा, हमारी सरकार युवाओं के साथ है। मैं खुद छात्र राजनीति से निकलकर आया हूँ, इसलिए अभ्यर्थियों के दर्द को भली-भांति समझता हूँ। शासन और आयोग स्तर पर सकारात्मक रास्ता निकाला जाएगा।

Also Read: यूपी में चीनी संकट की खबरों पर CM योगी का दावा, 28 लाख टन स्टॉक मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.