Ghaziabad News: ट्रैफिक संभाल रहे सिपाही को कार ने मारी जोरदार टक्कर, 7 फीट हवा में उछलने के बाद मौत
Ghaziabad News: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। विजयनगर क्षेत्र स्थित आईपीईएम कॉलेज निकास प्वाइंट पर ड्यूटी दे रहे यातायात पुलिसकर्मी विपिन कुमार को तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन करीब 7 फीट हवा में उछलकर जमीन पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मूल निवासी खुर्जा, गाजियाबाद में कर रहे थे ड्यूटी
एडीसीपी सच्चिदानंद ने बताया कि विपिन कुमार मूल रूप से खुर्जा (बुलंदशहर) के रहने वाले थे और गाजियाबाद ट्रैफिक विभाग में तैनात थे। हादसे के वक्त वह एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्टिगा कार का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर मारने के बाद वह कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार चालक और उसके साथी की पहचान की। कार चला रहा था विनीत, जबकि उसके साथ उसका दोस्त सुमित मौजूद था। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विपिन कुमार के परिवार में हादसे के बाद कोहराम मच गया है। उनका भाई अक्षय कुमार भी गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस में सिपाही है। उसने ही विजयनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।
Also Read: UP: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को क्रूरता से पीटा, बेहोश होने पर जिंदा जला दिया

