सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, जानें कब होगी SBI क्लर्क भर्ती परीक्षा

SBI Clerk Exam 2025: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने क्लर्क भर्ती परीक्षा 2025 की तारीख घोषित कर दी है। बैंक की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, जूनियर एसोसिएट (क्लर्क) पदों पर प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 20, 21 और 27 सितंबर 2025 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होगा। इस भर्ती अभियान के जरिए 6589 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

इस भर्ती में उम्मीदवारों को तीन चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसमें अंग्रेजी भाषा, संख्यात्मक क्षमता और तर्कशक्ति से जुड़े कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 1 घंटे की होगी और कुल 100 अंकों की होगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। अंत में चयनित उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा की परीक्षा देनी होगी। तीनों चरणों में सफलता हासिल करने पर ही उम्मीदवार को नौकरी मिलेगी।

एडमिट कार्ड और अन्य जानकारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा का एडमिट कार्ड 15 सितंबर के बाद जारी होने की संभावना है। उम्मीदवार इसे केवल एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आवेदन नंबर और जन्मतिथि जरूरी होगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा।

आवेदन और योग्यता

इस भर्ती का नोटिफिकेशन 5 अगस्त 2025 को जारी हुआ था। आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त से 26 अगस्त 2025 तक चली। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 750 रुपये तय था, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए पूरी तरह निशुल्क रहा।

उम्मीदवार के पास स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। आयु सीमा न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष तय की गई थी। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी गई है।

Also Read: निघासन: सिंगाही में बढ़े गृहकर और जलकर पर बवाल, सैकड़ों लोगों ने दर्ज कराई आपत्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.