Gonda News: खोरहंसा में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 60 लीटर शराब बरामद, दो गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: गोण्डा कोतवाली देहात की खोरहंसा चौकी क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह के नेतृत्व में हुई छापेमारी में शराब बनाने की एक अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई, जहां से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी और बरामदगी
खोरहंसा चौकी क्षेत्र का काजी तरहर सराय जरगर गांव अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के लिए कुख्यात रहा है। नए चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह ने मुखबिरों के जाल की मदद से आबकारी निरीक्षक अभय गुप्ता और पुलिस टीम के साथ सराय जरगर के काजी तरहर गांव में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान नहर के किनारे गन्ने के खेत से अवैध शराब निर्माण की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ और पुलिस ने 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। डेढ़ कुंतल लहन (कच्ची शराब बनाने का मिश्रण) मौके पर ही नष्ट किया। शराब बनाने के उपकरण जैसे भट्ठी, चूल्हा, ड्रम और यूरिया भी बरामद किए गए।
गिरफ्तारी और फरार आरोपी
चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि मौके से मंजू देवी (काजी तरहर सराय जरगर) और सभाजीत (ककरहवा) नामक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय रवाना कर दिया गया है। हालांकि, मौके से दो अन्य आरोपी, श्रवण और संतोष, भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व में भी चौकी प्रभारी केके सिंह द्वारा इस कारोबार पर नकेल कसी गई थी, लेकिन उनके तबादले के बाद यह गोरखधंधा फिर से शुरू हो गया था, जिस पर वर्तमान चौकी प्रभारी ने अब सख्ती से लगाम लगाई है।
रिपोर्ट: ए.आर.उस्मानी
Also Read: जयपुर: बेकाबू डंपर ने कई वाहनों को रौंदा, 15 से अधिक लोगों की मौत, कई गंभीर घायल

