Gonda News: दरोगाओं को नहीं रास आ रही आईजी अमित पाठक की दरियादिली!
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सब इंस्पेक्टरों को आईजी द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद छिन गयी कुर्सी
Sandesh Wahak Digital Desk/A.R.Usmani: गोण्डा जिले के दरोगाओं को देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक की दरियादिली रास नहीं आ रही है। जिस सब इंस्पेक्टर को उत्कृष्ट कार्यों के लिए आईजी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हैं, उसे एक सप्ताह के भीतर ही अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ता है।

बताते चलें कि मोतीगंज थाना की कहोबा चौकी के प्रभारी रहे वीरेंद्र शुक्ल को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने न सिर्फ शाबाशी दी थी, बल्कि प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया था। 25 अप्रैल को आईजी के हाथों सम्मान पाने के एक सप्ताह बाद ही वीरेंद्र शुक्ल को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने उन्हें हटाकर परसपुर थाने पर तैनात कर दिया था। दरअसल, वीरेंद्र शुक्ल ने जो काम किया था, वह निश्चित रूप से उत्कृष्ट था और उसके लिए उनकी क्षेत्र में भी खूब सराहना हो रही थी।

ताज़ा मामला महिला थाने का
आईजी द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद माना जा रहा था कि वीरेंद्र शुक्ल को किसी महत्वपूर्ण चौकी की कमान सौंपी जाएगी, लेकिन उन्हें चौकी प्रभारी पद से हटाकर थाने पर भेज दिया गया था। एसपी द्वारा उठाए गए इस कदम की भी क्षेत्र में खूब चर्चा हुई थी। अब ताज़ा मामला महिला थाने का है। आईजी अमित पाठक ने 03 जून को महिला थाने की थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर प्रतिभा सिंह को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और 08 जून को उन्हें कुर्सी गंवानी पड़ गयी।

अनीता यादव को दोबारा सौंपी गई महिला थाने की कमान
एसपी विनीत जायसवाल ने प्रतिभा सिंह को थानाध्यक्ष पद से हटाते हुए उन्हें महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन का प्रभारी बना दिया है, जबकि मोतीगंज की प्रभारी निरीक्षक रहीं अनीता यादव को दोबारा महिला थाने की कमान सौंप दी गई है। अगस्त 2024 में प्रतिभा सिंह को महिला थानाध्यक्ष, जबकि अनीता यादव को मोतीगंज थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया था। आईजी अमित पाठक के हाथों सम्मानित होने के बाद दो दरोगाओं द्वारा कुर्सी गंवाने से अब पुलिस महकमे में भी तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं।
जिले में तैनात इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर आईजी के हाथों अब सम्मानित होने से स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। उनका मानना है कि यदि वे थाने या चौकी की बागडोर संभाल रहे हैं तो निश्चित रूप से कुर्सी गंवानी पड़ सकती है। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों का कहना है कि पुलिसकर्मियों को इसका डर सताने लगा है कि यदि किसी अच्छे काम के लिए उन्हें आईजी ने सम्मानित कर दिया तो वह एसपी की निगाह में आ जाएंगे, जिससे उनका नुकसान हो सकता है। ऐसे में वे फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।

क्या कहती हैं अधिवक्ता रूचि मोदी?
अधिवक्ता रूचि मोदी कहती हैं कि आईजी द्वारा पुलिसकर्मियों के कार्यों का मूल्यांकन करने के बाद ही उन्हें सम्मानित किया जाता है, जो कि बहुत ही सराहनीय है। निश्चित रूप से सम्मान पाने से मातहतों का उत्साहवर्धन होता है और वे भविष्य में और भी बेहतर कार्य करने का प्रयास करते हैं। यह मातहतों के प्रति उनकी दरियादिली को दर्शाता है। अब यदि आईजी द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद सब इंस्पेक्टरों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है तो यह सोचनीय है। हालांकि, यह विभागीय विषय है।
आईजी द्वारा प्रतिभा सिंह को दिए गए प्रशस्ति पत्र में लिखा गया मजमून
प्रशस्ति पत्र में लिखा गया कि “कई प्रकरणों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि आपके द्वारा प्रकरणों के निस्तारण में रूचि ली गयी तथा सार्थक प्रयास किया गया है। इसके साथ ही आपको प्रकरणों के विषय में अच्छी जानकारी होना पाया गया है। आपके द्वारा पुलिस संबंधी कार्यों की बहुत अच्छी जानकारी का उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जो कि सराहनीय है। आपके द्वारा प्रकरणों का समुचित निस्तारण कराए जाने की भूरि-भूरि प्रशंसा की जाती है। साथ ही आपसे अपेक्षा की जाती है कि भविष्य में भी आप इसी प्रकार निष्ठा और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेंगी। हम आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

अनीता यादव को दोबारा मिली महिला थाने की कमान
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पांच इंस्पेक्टर तथा एक सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए मोतीगंज थाने की प्रभारी निरीक्षक अनीता यादव को दोबारा महिला थाने की कमान सौंप दी है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि रि-पोस्टिंग नहीं की जा सकती है। इसके बावजूद एसपी ने अनीता यादव को दूसरी बार महिला थाने का प्रभारी निरीक्षक बना दिया है।

इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक परसपुर तेज प्रताप सिंह को प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज बनाया गया है। इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन को परसपुर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कर्नलगंज कोतवाल रहे श्रीधर पाठक का प्रभार छिन गया है। उन्हें अपराध शाखा में तैनात किया गया है। इंस्पेक्टर अरविंद यादव को अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर से प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज बनाया गया है। सब इंस्पेक्टर प्रतिभा सिंह को महिला थाने से हटाकर महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन का प्रभारी बनाया गया है।
Also Read: ‘राघवेंद्र को न्याय दो’, अयोध्या के पीड़ित परिवार ने अखिलेश यादव से लगाई मदद की गुहार

