डीएम के आश्वासन पर संजय निषाद ने खत्म किया धरना, मंत्री से जमीन पर बैठकर हुई बातचीत

Sanjay Nishad Protest: गोंडा में बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को लखनऊ से गोंडा पहुंचे योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद अपनी ही सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए। उन्हें मनाने के लिए डीएम प्रियंका रंजन मौके पर पहुंचीं। डीएम ने मंत्री से जमीन पर बैठकर बातचीत की और सख्त कार्रवाई समेत कई आश्वासन दिए। इसके बाद संजय निषाद ने धरना खत्म कर दिया।

मंत्री ने मृतक के परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इससे पहले गुरुवार देर रात करीब एक बजे विनोद साहनी का शव एंबुलेंस से रेक्सड़िया गांव स्थित घर पहुंचा था।

अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार

शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे गांव पुलिस छावनी में बदल गया। पुलिस के समझाने के बावजूद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। शुक्रवार दोपहर तक शव घर पर रखा रहा।

थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

एसपी अभिषेक ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में परसपुर थाना प्रभारी कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह और आरक्षी अभिमन्यु भारती को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। कृष्ण गोपाल राय को नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

पुलिस ने तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पोस्ट के विवाद में हुई इस हत्या में शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज है। विनोद की मौत के बाद हत्या की धारा भी जोड़ी गई।

Also Read: बुलडोजर ऐक्शन पर थाने में रो पड़े योगी सरकार के मंत्री राकेश राठौर, पुलिस-अफसरों पर लगाए आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.