नेशनल हाईवे पर फरवरी से शुरू होगी बैरियर-फ्री टोलिंग: नितिन गडकरी

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को घोषणा की कि आगामी फरवरी से देश भर के नेशनल हाईवे पर बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस नई तकनीक के शुरू होने के बाद वाहनों को टोल टैक्स चुकाने के लिए टोल प्लाजा पर रुकने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार अब Fastag को ऑटोमैटिक नंबर-प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक के साथ एकीकृत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

सालाना 10,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व का अनुमान

नितिन गडकरी ने कहा, हम एक ऐसे आधुनिक टोल कलेक्शन सिस्टम की ओर बढ़ रहे हैं जो पूरी तरह से एडवांस टेक्नोलॉजी पर आधारित होगा। Fastag और व्हीकल नंबर प्लेट के संयुक्त इस्तेमाल से टोल चोरी रुकेगी और सरकार की आय में सालाना लगभग 10,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी।

फास्टैग से बदला टोल का परिदृश्य

केंद्रीय मंत्री ने 2016 में पेश किए गए और 2021 से अनिवार्य किए गए Fastag के असर को रेखांकित करते हुए कहा, पहले जहां टोल प्लाजा पर 12 से 30 मिनट तक का समय लगता था, वहीं फास्टैग के बाद इसमें 80 से 90 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। रेडियो-फ्रैक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक पर आधारित फास्टैग ने कैश और छुट्टे पैसों के झंझट को समाप्त कर टोल प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है।

सरकार का अगला कदम टोल प्लाजा पर बची हुई मामूली देरी को भी पूरी तरह खत्म करना है। नई व्यवस्था के तहत वाहनों की सटीक ट्रैकिंग और पहचान के जरिए लिंक्ड बैंक अकाउंट से टोल फीस स्वतः कट जाएगी, जिससे गाड़ियों को बिना रफ्तार धीमी किए सफर करने की सुविधा मिलेगी।

Also Read: डीएम के आश्वासन पर संजय निषाद ने खत्म किया धरना, मंत्री से जमीन पर बैठकर हुई बातचीत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.