Gorakhpur News: आप नेता की मौत के बाद समर्थकों का बवाल, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप – पथराव में SO घायल
Gorakhpur News: गोरखनाथ क्षेत्र स्थित मैरीगोल्ड अस्पताल में मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुंज बिहारी निषाद की मौत के बाद माहौल बेकाबू हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।
कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झड़प में बदल गई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों और पुलिस के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झड़प में बदल गई। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू हो गया। पथराव में गोरखनाथ थाने के एसएचओ शशि भूषण राय घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका सिटी स्कैन कराया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। बताया गया कि कुंज बिहारी निषाद रामपुर नया गांव के निवासी थे।
प्रबंधन पर सवाल उठे
जानकारी के मुताबिक, बकाया 50 हजार रुपये मांगने पर अभिषेक पांडेय और उसके साथियों ने कुंज बिहारी पर हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस पहले ही 14 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर चुकी है। गौरतलब है कि कुंज बिहारी निषाद आम आदमी पार्टी की ओर से पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

