सरकार चला रही प्राइवेट पॉलिसी, भारत की विदेश नीति चौपट: तेजस्वी यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए सरकार की विदेश नीति पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उनके मुताबिक भारत सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण गैस और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और आने वाले समय में यह संकट और गहरा सकता है।

गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर चिंता

तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में गैस की किल्लत बढ़ने की आशंका है और पेट्रोल-डीजल के दाम भी तेजी से बढ़ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को केवल खुद से मतलब है और देशहित को नजरअंदाज किया जा रहा है। उनके अनुसार बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कार्यकाल में भारत की विदेश नीति पूरी तरह विफल हो गई है।

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि जब पाकिस्तान के साथ तनाव की स्थिति थी, तब कोई भी पड़ोसी देश भारत के साथ नहीं खड़ा हुआ। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की कमजोर विदेश नीति का परिणाम बताया और कहा कि मौजूदा समय में देश की कूटनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।

‘फॉरेन पॉलिसी बन गई प्राइवेट पॉलिसी’

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति अब प्राइवेट पॉलिसी बनकर रह गई है, जिसमें प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय की भूमिका सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश के लिए चिंताजनक है और इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि प्रभावित हो रही है।

तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के गायघाट में हुई घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम अपराध को रोकना और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना है, लेकिन यहां एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जो बेहद चिंताजनक है।

ऑर्गनाइज्ड क्राइम और पुलिस पर गंभीर आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या में स्थानीय थानेदार शामिल था, जिसने शराब के नशे में गोली चलाई। तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश में ऑर्गनाइज्ड क्राइम बढ़ रहा है और निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके अनुसार पुलिस पूरी तरह विफल हो चुकी है और प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है, जिससे पूरे बिहार में अराजकता का माहौल बन गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा ही हत्या की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं और प्रशासन से मांग करेंगे कि दोषी दरोगा को कठोर से कठोर सजा दी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्दोष लोगों को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 

Also Read: गुरुग्राम यौन उत्पीड़न मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, पुलिस को लगाई फटकार, SIT गठन के आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.