IPL 2026 से पहले BCCI की बड़ी बैठक, सभी कप्तान होंगे शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन (IPL 2026) 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। सीजन के आगाज़ से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी फ्रेंचाइज़ी कप्तानों के साथ एक अहम बैठक बुलाई है।

इस बैठक में आचार संहिता के साथ-साथ नियमों को लेकर चर्चा होगी, जिसमें सबसे ज्यादा फोकस इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर रहने की उम्मीद है।

बीसीसीआई की यह बैठक आज आयोजित होगी, जिसे भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और मौजूदा मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ और अंपायर पैनल के प्रमुख नितिन मेनन संबोधित करेंगे।

हर सीजन से पहले कप्तानों के साथ ऐसी बैठक होना सामान्य प्रक्रिया है, ताकि नए कप्तानों और कोचिंग स्टाफ को नियमों की पूरी जानकारी दी जा सके।

IPL 2026

इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर सस्पेंस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बीसीसीआई अधिकारी ने साफ किया है कि IPL 2026 में फिलहाल किसी बड़े नियम बदलाव की संभावना नहीं है।

हालांकि, इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर कप्तानों और टीम मैनेजमेंट की राय जरूर जानी जाएगी।

इसके अलावा बैठक में बैट के साइज की जांच, रिटायर्ड आउट, लार के इस्तेमाल, एक ओवर में दो बाउंसर, गेंद बदलने के नियम और गेंद के खेलने लायक न रहने जैसी स्थितियों पर भी चर्चा होगी।

गौरतलब है कि कोरोना काल के बाद गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे पिछले सीजन से पहले हटा लिया गया था।

पिछले सीजन में लिए गए थे अहम फैसले

IPL के पिछले संस्करण से पहले हुई कप्तानों की बैठक में कुछ बड़े फैसले हुए थे। इनमें लार के इस्तेमाल की अनुमति और दूसरी पारी में 10 ओवर के बाद एक बार गेंद बदलने का विकल्प शामिल था, हालांकि अंतिम फैसला अंपायर के विवेक पर छोड़ा गया था।

IPL 2026: सभी टीमों के कप्तान

  • चेन्नई सुपर किंग्स – ऋतुराज गायकवाड़
  • दिल्ली कैपिटल्स – अक्षर पटेल
  • गुजरात टाइटंस – शुभमन गिल
  • कोलकाता नाइट राइडर्स – अजिंक्य रहाणे
  • लखनऊ सुपर जायंट्स – ऋषभ पंत
  • मुंबई इंडियंस – हार्दिक पंड्या
  • पंजाब किंग्स – श्रेयस अय्यर
  • राजस्थान रॉयल्स – रियान पराग
  • रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – रजत पाटीदार
  • सनराइजर्स हैदराबाद – ईशान किशन

अब सभी की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं कि क्या IPL 2026 में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आता है या यह नियम पहले की तरह जारी रहेगा।

Also Read: PSL में थी ज्यादा सैलरी, फिर भी छोड़कर IPL में आया ये खिलाड़ी, क्या है वजह?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.