गुजरात: आप विधायक चैतर वसावा हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार, बैठक के दौरान मचा बवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक चैतर वसावा को हत्या के प्रयास, धमकी और महिला का अपमान करने जैसे संगीन आरोपों में शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह विवाद नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा में एक आधिकारिक बैठक के दौरान उस वक्त भड़का, जब विधायक की पसंद का नाम स्थानीय समन्वय समिति ‘आपणो तालुको वाइब्रेंट तालुको’ (ATVT) में शामिल नहीं किया गया।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना डेडियापाड़ा तालुका के प्रांत कार्यालय में हुई। जानकारी के मुताबिक, विधायक वसावा बैठक में अचानक गुस्से में आ गए और सागबारा तालुका पंचायत की महिला अध्यक्ष के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगे। इसके बाद जब डेडियापाड़ा तालुका पंचायत के अध्यक्ष संजय वसावा ने विरोध किया तो माहौल और बिगड़ गया।

मोबाइल फेंककर हमला और कांच से जानलेवा कोशिश

शिकायत के मुताबिक, विधायक चैतर वसावा ने संजय वसावा पर अपना मोबाइल फेंककर मारा, जिससे उन्हें सिर पर चोट आई। इतना ही नहीं, उन्होंने पास रखे कांच के गिलास से भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। बताया गया कि गिलास टूटने के बाद विधायक ने कांच के टुकड़े उठाकर संजय की ओर दौड़ लगाई और जान से मारने की धमकी दी। संजय वसावा किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचा पाए।

कार्यालय में तोड़फोड़ का भी आरोप

प्राथमिकी में यह भी कहा गया कि विधायक ने गुस्से में आकर वहां रखी एक कुर्सी को भी तोड़ डाला। इन सभी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डेडियापाड़ा पुलिस ने चैतर वसावा के खिलाफ धारा 109 (हत्या की कोशिश), 79 (महिला का अपमान), 115(2), 351(3), 352, 324(3) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।

तनाव के चलते धारा 144 लागू

घटना के बाद डेडियापाड़ा में तनाव का माहौल बन गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन धारा 144 लागू कर दी है, यानी एक स्थान पर चार या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है।

आप का पलटवार, केजरीवाल का बयान

इस गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा विसावदर उपचुनाव में हार से बौखलाई भाजपा ने आप विधायक को फंसाया है।” केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ये गिरफ्तारी राजनीतिक बदले की भावना से की गई है, क्योंकि हाल ही में पार्टी उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने उपचुनाव में भाजपा को मात दी थी।

Also Read: CM योगी ने किया वादा, फिर भी नहीं माफ हुई पंखुड़ी की फीस; अब अखिलेश यादव बोले- हमारी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.