हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुस्लिम ने कराया था, बृजभूषण बोले- यहां नहीं पढ़ी गई कभी नमाज
Brij Bhushan Sharan Singh: अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के दावे को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया। गोंडा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई। उन्होंने यह भी कहा कि इस मंदिर का निर्माण एक मुस्लिम व्यक्ति ने कराया था और आज भी वहां उसके नाम का पत्थर लगा हुआ है।
सीएम योगी के बयान के बाद बढ़ा विवाद
हाल ही में अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि जो लोग आज राम मंदिर में आस्था की बात करते हैं, उन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी। इसके बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया। हालांकि बृजभूषण शरण सिंह ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना कभी नहीं हुई।
शंकराचार्य ने भी जताया विरोध
इससे पहले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने की बात को झूठ बता चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कथित चोरी के मामले से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है। शंकराचार्य ने कहा कि मंदिर को लेकर इस तरह के दावे उसकी पवित्रता पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह हनुमानगढ़ी जाकर संतों से इस विषय पर चर्चा करेंगे और ऐसी बातें करने वालों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग करेंगे।
Also Read: DM की जांच में खुली लखनऊ नगर निगम की पोल, 36 IGRS शिकायतों का गलत निस्तारण आया सामने

