हरदोई का एक लाख का इनामी डकैत कलुआ उर्फ कालिया आगरा से गिरफ्तार, हत्या और लूट की कई वारदातों में था वांछित

Agra News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ की फील्ड इकाई आगरा ने हरदोई जिले से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर कलुआ उर्फ कालिया को आगरा से दबोच लिया है। यह खूंखार अपराधी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहा था।

यूपी एसटीएफ को पिछले काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि कई पुरस्कार घोषित अपराधी छिपकर फिर से गिरोह बना रहे हैं। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड इकाई आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम लगातार काम कर रही थी।

बुधवार की रात करीब 08:15 बजे, उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी की अगुआई वाली टीम को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि हरदोई के मल्लावां थाने से वांछित एक लाख का इनामी डकैत कलुआ आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र स्थित हाथी घाट यमुना किनारा रेलवे ब्रिज के नीचे छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।

रिश्तेदारों के साथ मिलकर बनाया था गैंग

पकड़े जाने के बाद जब एसटीएफ की टीम ने कलुआ उर्फ कालिया से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने अपराधों की लंबी फेहरिस्त उगल दी। कासगंज के नदरई का रहने वाला कलुआ अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था।

यह गैंग उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में घरों में घुसकर लोगों की बेरहमी से पिटाई करता था और नकदी, जेवरात सहित मवेशियों (भैंसों) को गाड़ियों में लादकर फरार हो जाता था। यूपी में जब पुलिस का दबाव बढ़ा, तो इसने मध्य प्रदेश के सागर और छतरपुर के साथ-साथ यूपी के महोबा जिले को अपना ठिकाना बना लिया और वहाँ भी लूटपाट की वारदातें जारी रखीं।

दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक संगीन मामले

एसटीएफ की जांच में आरोपी कलुआ उर्फ कालिया का एक बेहद डरावना और लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 24 गंभीर मामले दर्ज हैं।

मैनपुरी में मर्डर: साल 2018 में थाना भोगांव क्षेत्र में आसिफ नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में इसका नाम सामने आया था, जिसके बाद इसे जेल भेजा गया था।

मथुरा में डकैती व हमला: साल 2017 में मथुरा के बल्देव क्षेत्र में एक परिवार पर जानलेवा हमला कर 7 भैंसों को गाड़ी में लादकर लूट ले गया था।

अलीगढ़ में सनसनीखेज लूट: साल 2020 में अलीगढ़ के गांधी पार्क क्षेत्र में मुन्ना और चांद ड्राइवर के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया और 11 भैंसें, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। इस घटना में इसके साथ 16 लोग शामिल थे।

हरदोई में गनपॉइंट पर वारदात: साल 2020 में हरदोई के मल्लावां में टाटा 407 और कार सवार बदमाशों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की कनपटी पर तमंचा सटाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।

Also Read: Bandar Trailer: ‘बंदर’ का ट्रेलर रिलीज होते ही मचा बवाल, ट्विस्ट्स और डार्क कहानी ने खींचा दर्शकों का ध्यान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.