यूपी में गर्मी का कहर जारी, लखनऊ में पारा 40 पार, हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी लोगों की परेशानी का सबब बनती जा रही है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुँच गया है। राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रयागराज सबसे गर्म जिला बन गया, जहां पारा 44 डिग्री तक जा पहुंचा। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी दी है और हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सोमवार से लू चलने की आशंका है। राजधानी समेत राज्यभर में आगामी 3-4 दिन भीषण गर्मी के रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक और इज़ाफा हो सकता है।

गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

शनिवार से ही लखनऊ में मौसम ने करवट ली और आसमान पूरी तरह साफ रहा। रविवार सुबह से ही तीखी धूप के चलते तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो अगले 24 घंटों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।

शनिवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह से ही जिले में गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में प्रयागराज का तापमान और 2 डिग्री तक बढ़ सकता है।

11 जून के बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 11 जून के बाद ही मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे राहत की उम्मीद की जा सकती है।

गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। सफर के दौरान पानी की बोतल अपने पास रखें और चेहरे को स्कार्फ या गमछे से ढककर ही बाहर जाएं। गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाना बेहद ज़रूरी है।

Also Read: UP News: औरैया में CM योगी ने किया किसानों से किया संवाद, विपक्ष पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.