हिमाचल में भारी बारिश से मंडी में तबाही, धर्मपुर बस अड्डा डूबा, कई दुकानें जलमग्न
व्यास नदी में उफान के बाद स्थानीय नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बारिश के कारण व्यास नदी और स्थानीय नाले उफान पर आ गए, जिससे धर्मपुर बस अड्डा पूरी तरह से पानी में डूब गया। इस दौरान कई बसें और वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए।
तबाही का खौफनाक मंजर
धर्मपुर में चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। जब पानी का स्तर कम हुआ, तो वहाँ का मंजर दिल दहला देने वाला था। कई बसें मलबे में पलटी पड़ी थीं और दर्जनों दुकानें जलमग्न हो गईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इस तबाही का भयावह रूप साफ देखा जा सकता है। गनीमत रही कि जिस समय बस अड्डे में बाढ़ का पानी आया, वहाँ कोई यात्री मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
अगले 24 घंटे मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आज मंडी में अधिकतर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
Also Read: UP Weather Update: लखनऊ में मौसम ने ली करवट, बारिश से तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट

