Bareilly News: अफीम के साथ हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे
Bareilly News: बरेली के एसएसपी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजीपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने धौराटांडा से आटापट्टी सुमाली जाने वाले मार्ग से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 302 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शकील अहमद (पुत्र वकील अहमद), निवासी वार्ड नंबर 6, कस्बा धौराटांडा, थाना भोजीपुरा (बरेली) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे रात करीब 10:26 बजे घेराबंदी कर दबोचा। बरामद अफीम के आधार पर आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मु.अ.सं. 788/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/18 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी शकील अहमद ने स्वीकार किया कि उसने यह अफीम नैनीताल हाईवे पर एक अज्ञात ट्रक चालक से खरीदी थी। वह इस अफीम को अपने घर ले जाकर छोटी-छोटी मात्रा में अलग-अलग ग्राहकों को महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। जब वह अफीम लेकर अपने ठिकाने की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
कई संगीन मुकदमों का क्रिमिनल रिकॉर्ड
गिरफ्तार अभियुक्त शकील अहमद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ भोजीपुरा थाने में पशु क्रूरता अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं के तहत पहले से 5 मुकदमे दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट का यह छठा मामला है। आरोपी पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: नोएडा के 4 हजार करोड़ के लीजबैक मामले में PCS अधिकारी बर्खास्त, 2013 से चल रही थी जांच

