लखनऊ में होटल GM की रहस्यमयी मौत, रात 3 बजे निकले थे घर के लिए, सुबह चौराहे पर मिला शव
Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में होटल के जनरल मैनेजर (GM) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 31 वर्षीय रामबली का शव सोमवार सुबह पावर हाउस चौराहे के पास एक जूस की दुकान के नजदीक पड़ा मिला।
रामबली आशियाना स्थित होटल वीनस में GM थे और होटल के पास ही सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे। परिवार के मुताबिक, रविवार रात करीब 3 बजे ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से क्वार्टर के लिए निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे बेसुध देखा और पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल और पैसे गायब, शरीर पर चोट के निशान
Lucknow के आशियाना पुलिस ने रामबली को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि शरीर पर रगड़ और चोट के निशान मिले हैं। उनका मोबाइल फोन और जेब में रखे रुपये भी गायब थे।
परिजनों ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या और लूट की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी वाहन की टक्कर या हमले के बाद सामान गायब किया गया हो सकता है। परिवार ने रात के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज खंगालने की मांग की है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होटल से सर्वेंट क्वार्टर और पावर हाउस चौराहे के बीच लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।
रामबली मूल रूप से राजस्थान के उमरा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी यशोदा, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read: RRO-ARO पेपर लीक का वांछित आरोपी गिरफ्तार, STF ने दो को दबोचा, अब तक 32 आरोपी हो चुके हैं अरेस्ट

