पश्चिम बंगाल के रेजीनगर से विधायक हुमायूं कबीर गिरफ्तार, पुलिस अफसर से हाथापाई का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान मंगलवार को आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक और विधायक हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों को खुली धमकी देने, अधिकारियों से तीखी बहस करने और एक सब-इंस्पेक्टर से हाथापाई के आरोप में पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रेजीनगर पुलिस थाने ले जाया गया।
मंगलवार सुबह हुमायूं कबीर अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे। पोलिंग स्टेशन से बाहर निकलते ही उन्होंने पुलिस और केंद्रीय बलों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कबीर का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे ड्यूटी पर तैनात पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर का कॉलर पकड़ते नजर आए।
लाठियों से करेंगे मुकाबला, समर्थकों को उकसाया
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए हुमायूं कबीर ने पुलिस प्रशासन पर मतदाताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सुबह से ही पुलिस मेरे घर को घेरे हुए है। यदि पुलिस हमें प्रताड़ित करने आएगी तो हम चुप नहीं बैठेंगे, लाठियों से उनका सामना करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव की घोषणा के बाद से क्षेत्र के मतदाताओं, विशेषकर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस उपचुनाव में हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद एजेयूपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं। रेजीनगर सीट पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) की 34 कंपनियां तैनात की गई हैं। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई (एम) और एजेयूपी समेत विभिन्न दलों के 14 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
Also Read: IAS रिंकू सिंह राही को जानलेवा हमले का डर, राज्यपाल से मांगी सुरक्षा, कोतवाल पर लगाया ये आरोप

